मरीज़ों से मिलने मेडिकल पहुंचे विधायक रवि शर्मा, सीधे बात के साथ चिकित्सा सुविधाओं की ली जानकारी

samwadbundelkhand.com | Updated : 11/09/26 14:16 PM

Share via Whatsapp

Jhansi

झाँसी। नगर विधायक रवि शर्मा ने शुक्रवार को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी का औचक निरीक्षण किया। ओपीडी के समय किए गए निरीक्षण के दौरान विधायक ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों से सीधे संवाद किया और उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में जानकारी ली। विधायक रवि शर्मा ने वार्डों में बेड पर भर्ती मरीजों से मुलाकात कर पूछा कि उन्हें चिकित्सकों द्वारा समय पर उपचार मिल रहा है या नहीं तथा दवाइयों, जांच, भोजन, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति कैसी है। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से उनकी समस्याओं के साथ-साथ उनके सुख-दुःख का हाल भी जाना और संबंधित अधिकारियों को मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से **सुपर स्पेशलिटी सेवाओं** की वर्तमान स्थिति, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा भविष्य में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर विधायक रवि शर्मा ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य **डॉ. सुधीर कुमार**, सीएमएस **डॉ. सचिन माहौर**, पूर्व प्रधानाचार्य **डॉ. नरेन्द्र सेंगर** सहित जूनियर डॉक्टरों एवं अन्य चिकित्सकीय अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में मरीजों की बढ़ती संख्या के दृष्टिगत चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता, आवश्यक संसाधनों तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने को लेकर जानकारी ली। विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज झाँसी सहित बुन्देलखण्ड के लोगों के लिए प्रमुख चिकित्सा संस्थान है। यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, सम्मानजनक व्यवहार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीजों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और चिकित्सा सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।



बुंदेलखंड

देश / विदेश