उत्पीड़न के विरोध में सपा का धरना, आला नेता बोले अवैध कामों की आई बाढ़

samwadbundelkhand.com | Updated : 06/07/20 04:27 AM

Share via Whatsapp

Jhansi

झाँसी, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर उत्पीड़न के खिलाफ सोमवार को समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया, जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पूरे जिले का पुलिस प्रशासन भ्रष्टाचार में लिप्त है। आम नागरिक की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हर तरफ पुलिस द्वारा वसूली का खेल चल रहा है। शहर में जुआ, सट्टा तथा अवैध कारोबारों की बाढ़ सी आ गई है। सत्ता के संरक्षण में हो रहे इन अनैतिक कार्यों का विरोध करने पर पुलिसकर्मी आम नागरिकों का उत्पीड़न कर रहे हैं और आम नागरिक जब अपनी व्यथा सुनाने के लिए पुलिस अधिकारियों के पास जाते हैं तो पुलिस अधिकारी सीटों पर मौजूद नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि सोची समझी साजिश के तहत सत्ताधारी नेताओं के इशारों पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे कायम किये जा रहे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ घटित घटनाओं की रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही। प्रशासन को चेतावनी पूर्व गरौठा विधायक दीप नारायण ने कहा की कहा कि हम पुलिस प्रशासन को चेताने आए हैं कि यदि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न नहीं रुका तो मजबूरी में समाजवादियों को सड़क पर आना पड़ेगा। आम जनता पुलिस को देख कर खुद को सुरक्षित महसूस करने लगती है, लेकिन उत्तर प्रदेश का माहौल ऐसा बन गया है कि अब अपराधी आम जनता के साथ-साथ पुलिस पर भी हावी हो रहे हैं। पुलिस कर्मियों को दबंगई के बल पर जान से मारा जा रहा है। निश्चित रूप से सत्ता का कानून व्यवस्था पर नियंत्रण नहीं रहा। ऐसी स्थिति में सभी को यह सोचने की जरूरत है कि आखिर कमी कहां है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाता रहा है और उठाता रहेगा। इस दौरान पूर्व विधायक मऊरानीपुर डॉ. रश्मि आर्य, जयप्रकाश आर्य, मऊरानीपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष हरिश्चंद्र आर्य, श्याम सुंदर सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश पाल, वरिष्ठ नेता राहुल सक्सेना, समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष महेश कश्यप, पूर्व जिला अध्यक्ष सुदेश पटेल, पूर्व प्रवक्ता शकील खान, पूर्व मंत्री अजय सूद आदि सहित तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



बुंदेलखंड

देश / विदेश